चांडिल/ Vikash Thakur सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत तेतलो टोल प्लाजा के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें जाता गांव निवासी सूरज दास गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार सूरज दास चांडिल से अपने गांव लौट रहे थे, तभी अचानक उनकी बाइक का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क किनारे फिसल गई. हादसे में सूरज दास सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े और सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को सड़क किनारे से उठाकर सुरक्षित स्थान पर लाया. इसी दौरान आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो को जैसे ही घटना की सूचना मिली, उन्होंने तत्काल आजसू पार्टी के कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष अरूण कुमार महतो को निर्देश देकर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई. घायल सूरज दास को तुरंत चांडिल अनुमंडल अस्पताल भेजा गया.
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. फिलहाल उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेतलो टोल प्लाजा के आसपास अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.

