चांडिल/ Afroz Mallik
कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 अंतर्गत मंदिर- मस्जिद परिसर में आरएन. इंटरप्राइजेज की ओर से एक और जनहितकारी पहल की शुरुआत की गई है. कपाली ओपी के समीप नि:शुल्क आरओ वाटर प्लांट का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे नगरवासियों को शुद्ध और फिल्टर पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा.

जानकारी के अनुसार आरएन. इंटरप्राइजेज के मालिक द्वारा पूर्व में भी क्षेत्र में सामाजिक सरोकार से जुड़े कई कार्य किए गए हैं. गर्मी के मौसम में राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए ठंडा पानी उपलब्ध कराने हेतु फ्रिज की व्यवस्था कराई गई थी. इसके अतिरिक्त जर्जर सड़कों पर छाई डलवाकर मरम्मत कार्य भी कराया गया, जिससे लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिली.
इसी क्रम में अब नि:शुल्क आरओ वाटर प्लांट की स्थापना को बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है. यह प्लांट पूरी तरह आम जनता के उपयोग के लिए होगा, ताकि हर वर्ग के लोग स्वच्छ पेयजल का लाभ उठा सकें. बढ़ती महंगाई और पेयजल की गुणवत्ता को देखते हुए यह पहल खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत साबित होगी.
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं. नगरवासियों ने आरएन. इंटरप्राइजेज के मालिक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्य जारी रहेंगे.

