चांडिल/ Afroj मल्लिक देर रात चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरूआ के नेतृत्व में पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया. इस अभियान के तहत चांडिल से लेकर पारडीह काली मंदिर चौक तक सघन जांच की गई. थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध शराब सेवन करने वालों, नशाखोरी में शामिल युवकों और अड्डेबाजी करने वालों पर नकेल कसने के उद्देश्य से की गई.

पुलिस ने कई रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों में छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की. अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अफरा- तफरी का माहौल पैदा हो गया. कई स्थानों पर पुलिस की सख्ती देख असामाजिक तत्व भागते नजर आए.
थाना प्रभारी दिलशन बिरूआ ने साफ कहा कि चांडिल क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि लगातार ऐसे अभियानों के माध्यम से पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. अभियान में चांडिल थाना प्रभारी समेत पुलिस बल और शस्त्रबल शामिल थे.

