चांडिल/ Afroz Mallik महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. आगामी 15 एवं 16 फरवरी को क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों और पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय लोगों ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल को आवेदन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है.

आवेदन में कहा गया है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर देर रात तक पूजा- अर्चना, जलाभिषेक और अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होते हैं, जिससे भीड़ काफी बढ़ जाती है. भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट, चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
स्थानीय लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता जताई है. प्रमुख मंदिरों, भीड़- भाड़ वाले क्षेत्रों और आसपास के मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की गई है. साथ ही संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्ती सुनिश्चित करने की अपील की गई है.
आवेदनकर्ताओं ने उल्लेख किया कि बीते वर्ष विरोध के दौरान कुछ ग्रामीणों पर चाकू से हमला किए जाने की घटना से लोग अब भी भयभीत हैं. ऐसे में इस वर्ष विशेष सुरक्षा व्यवस्था जरूरी बताई गई है. इस मौके पर आकाश महतो समेत बस्ती के कई गणमान्य लोग मौजूद थे. सभी ने एक स्वर में प्रशासन से महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने की मांग की.

