चांडिल/ Afroz Mallik 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कपाली क्षेत्र में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला. कपाली ओपी परिसर में थानेदार धिरंजन कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित पुलिस बल व नागरिकों ने तिरंगे को सलामी दी. वहीं अलबेला गार्डन में अफताब अहमद सिद्दीकी द्वारा ध्वजारोहण किया गया. दोनों स्थानों पर आयोजित समारोह में भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से पूरा इलाका देशभक्ति के रंग में रंग गया.

कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही. स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग समारोह में शामिल हुए, जिससे आयोजन भव्य बन गया.
कपाली ओपी में अपने संबोधन में थानेदार धीरंजन कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों को अपनाने, कानून का सम्मान करने और समाज में शांति व भाईचारे को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने नागरिकों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की.

अलबेला गार्डन में झंडोत्तोलन करते आफताब अहमद सिद्दीकी
अलबेला गार्डन में झंडोत्तोलन के बाद अफताब अहमद सिद्दीकी ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की तरक्की, अमन- चैन तथा खुशहाली की कामना की.

