चांडिल/ Vikash Thakur सरायकेला जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में जेएलकेएम नेता तरुण महतो की रिहाई की मांग को लेकर रविवार शाम लेंगडीह अर्जुन तल से चांडिल स्टेशन तक मशाल जुलूस निकाला गया. जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए और “तरुण महतो को रिहा करो” के नारे लगाए.

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बालू माफिया के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध बालू ढुलाई को रोकने के प्रयास में तरुण महतो को जानबूझकर फंसाया गया है.
बताया गया कि 18 नवंबर की देर रात ईचागढ़ थाना क्षेत्र के डुमटांड़ मोड़ पर अवैध बालू ढुलाई को रोकने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी. इसी दौरान पुलिस ने जेएलकेएम नेता तरुण महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पुलिस का कहना है कि जब अधिकारी अवैध वसूली और बालू परिवहन रोकने पहुंचे, तब भीड़ ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. इसी घटना के आधार पर कार्रवाई की गई है.
वहीं तरुण महतो की पत्नी भानुमति महतो ने आरोप लगाया कि उनके पति ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लगभग 100 से 150 हाईवा को रोकने में मदद की थी, लेकिन पुलिस ने बिना किसी ठोस आधार के उन्हें गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण कार्रवाई बताते हुए तत्काल रिहाई की मांग की.
प्रदर्शन के बाद भी इलाके में आंदोलन जारी रहने की संभावना जताई जा रही है. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. मौके पर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद थे.

