
चांडिल: आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं ईचागढ़ के पूर्व एनडीए प्रत्याशी हरेलाल महतो के नेतृत्व में शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर चांडिल डैम विस्थापितों की लंबित समस्याओं और मांगों को उठाया. प्रतिनिधिमंडल ने विस्थापितों के पुनर्वास, लंबित मुआवजा, रोजगार और अन्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग की.


हरेलाल महतो ने राज्यपाल को बताया कि स्वर्णरेखा बहुउद्देश्यीय परियोजना के लिए दशकों पहले हजारों परिवारों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में विस्थापित अपने अधिकारों से वंचित हैं. उन्होंने पुनर्वास प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की.
प्रतिनिधिमंडल ने चांडिल डैम का जलस्तर 179 आरएल मीटर तक सीमित रखने की मांग उठाई, ताकि हर वर्ष बारिश के दौरान आसपास के गांवों में जलभराव और फसलों की क्षति रोकी जा सके.
इसके साथ ही हरेलाल महतो ने सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में चालू शैक्षणिक सत्र से कुड़मालि भाषा की पढ़ाई शुरू कराने का भी आग्रह किया. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस विषय का अध्ययन करना चाहते हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसकी सुविधा उपलब्ध नहीं है. राज्यपाल ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





