चांडिल: प्रखंड के बिरीगोड़ा में मंगलवार को आयोजित पारंपरिक टुसू मेला में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. इस मेले का सांस्कृतिक कार्यक्रम विधिवत उद्घाटन क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने फीता काटकर किया.

विधायक सविता महतो ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति हमारी पहचान है और इसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे पारंपरिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि लोक परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सकें.
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, मेला समिति के संरक्षक दिलीप कुमार महतो, झामुमो केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, विधायक की पुत्री स्नेहा महतो, ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव, पूर्व मुखिया गुरुचरण सिंह सरदार, प्रदीप कुमार महतो, बादल महतो, रवीन्द्र तंतुवाई सहित बड़ी संख्या में मेला प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.
कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ- साथ स्थानीय कलाकारों ने नृत्य और गीतों की प्रस्तुति देकर मेले का आनंद दोगुना कर दिया. आयोजकों ने बताया कि मेला का उद्देश्य पारंपरिक लोक संस्कृति को संरक्षित करना और लोगों में सामाजिक एकता और उत्साह बनाए रखना है.

