चांडिल/ Bikash Thakur थाना अंतर्गत न्यू बाईपास रोड स्थित घोड़ानेगी पुलिया के पास शुक्रवार देर शाम ट्रेलर और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

हादसे के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. मृतकों की पहचान धनंजय सरदार और सुमन सिंह सरदार के रूप में की गई है. दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
इस हादसे में ठाकुर सिंह सरदार, उम्र 18 वर्ष, पिता मोहन सिंह सरदार गंभीर रूप से घायल हो गया. तीनों युवक नरगाडीह गांव, थाना चांडिल क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में घायल युवक का इलाज जारी है, जबकि डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया.
इस संबंध में चांडिल थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. उन्होंने कहा कि सड़क हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों ने चांडिल न्यू बाईपास रोड पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताई है. लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

