चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बचमगुटु गांव बस्ती में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई. बालू लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दबकर मजदूर की मौके पर ही जान चली गई. मृतक की पहचान छोटानागरा थाना क्षेत्र के मरंगपोंगा गांव निवासी लगभग 35 वर्षीय विजय बहंदा के रूप में हुई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर मनोहरपुर के मेदासाई से बालू लेकर मरंगपोंगा की ओर जा रहा था. देर रात होने के कारण चालक नंदपुर गांव निवासी गौतम नायक ट्रैक्टर को रात्रि विश्राम के लिए मरंगपोंगा निवासी ट्रैक्टर मालिक महादेव बहंदा के ससुराल बचमगुटु ले जा रहा था. इसी दौरान बचमगुटु गांव बस्ती में चबूतरा के पास ट्रैक्टर अचानक असंतुलित हो गया और पलट गया. हादसे में ट्रैक्टर के डाले के नीचे दबकर मजदूर विजय बहंदा की मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

