चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में एक विवाहिता महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सोनुआ थानाक्षेत्र के गोविंदपुर गांव के टोको टोला निवासी दुर्गा चरण तांती की 19 वर्षीय पत्नी दीपिका केसरी ने अपने घर में रविवार की शाम पंखे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी तब पता चला जब उसका पति दुकान बंद करके घर वापस आया, तो घर का दरवाजा बंद था.

पति ने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के लोगों के साथ मिलकर दरवाजा तोड़कर जब घर में प्रवेश किया तो पत्नी का शव पंखे से लटक रहा था. इसके बाद परिजनों ने उसे नीचे उतारकर चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले गए. यहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया. चक्रधरपुर थाना पुलिस ने मौके पर अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर रेलवे अस्पताल के शीत गृह में रख दिया. सोमवार को महिला के शव का चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया. इधर इस मामले में चक्रधरपुर थाना पुलिस से सूचना मिलने पर सोनुआ थाना पुलिस गाँव पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल शुरु की. महिला के आत्महत्या की कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और इस मामले में अबतक महिला के परिजनों द्वारा कोई शिकायत नहीं की गई है.

