चाईबासा/ Jayant Pramanik देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोनुआ प्रखंड में राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला. प्रखंड कार्यालय, थाना परिसर, अस्पताल, विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों सहित सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों में तिरंगा शान से लहराया गया.

मुख्य समारोह प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां प्रखंड प्रमुख नंदनी सोय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. वहीं सोनुआ थाना परिसर में थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा और इंस्पेक्टर महानंद सुरीन ने ध्वजारोहण किया.
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव, अंचल अधिकारी अनुज टेटे, उप प्रमुख रचना महतो सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, मुंडा- मानकी, शिक्षक- शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र- छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे. ध्वजारोहण के बाद प्रखंड प्रमुख नंदनी सोय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि आज का दिन उन वीर शहीदों को नमन करने का है, जिनके बलिदान से देश को आजादी मिली. हमें उनके आदर्शों पर चलकर देश की एकता और विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र- छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया.
बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए प्रखंड प्रशासन की ओर से उन्हें पुरस्कृत किया गया. पुरस्कार वितरण प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, बीडीओ और सीओ के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ. पूरा समारोह शांतिपूर्ण, गरिमामय और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ.

