चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ थाना अंतर्गत रामचंद्रपोस गांव के समीप शनिवार को मालवाहक पिकअप वैन पलटने से उसमें दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान सोनुआ थाना क्षेत्र के बनजीरा गांव निवासी संजीत कोड़ा के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार संजीत कोड़ा अपने अन्य मजदूर साथियों के साथ धान खरीद केंद्र में लाभुकों से धान लेने के लिए जोड़ापोखर गांव आया हुआ था. बताया जा रहा है कि उस समय वाहन चालक गाड़ी से उतरकर सड़क पर खड़ा था, जबकि संजीत कोड़ा वाहन के डाला में बैठा हुआ था. इसी दौरान ड्राइवर सीट और उसके पास बैठे तीन लोगों में से एक युवक ने गाड़ी स्टार्ट कर दी और आगे बढ़ा दिया.
गाड़ी स्टार्ट होते ही एक्सीलेटर तेज दब जाने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में घुस गया. इस दौरान डाला में बैठा संजीत कोड़ा नीचे गिर गया और गाड़ी पलटने से उसके नीचे दब गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से संजीत कोड़ा को इलाज के लिए सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.

