चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत तुमसाई गांव के पास बीती रात बालू लदा एक हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गया. घटना रविवार की रात करीब ढाई बजे मनोहरपुर थाना क्षेत्र में हुई. हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जेएच-12 एम / 3507 नंबर का हाईवा गोइलकेरा थाना क्षेत्र के पटनिया दलकी गांव स्थित स्टॉक यार्ड से बालू लेकर गुआ बड़ा जामदा की ओर जा रहा था. चालक छोटू यादव ने बताया कि तुमसाई गांव के पास सामने से आ रहे एक छोटे वाहन को बचाने के प्रयास में हाईवा असंतुलित होकर पलट गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई. दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा.
इधर, रात के अंधेरे में चालान के साथ बालू परिवहन का मामला कई सवाल खड़े कर रहा है. जंगल क्षेत्र से देर रात भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर वन विभाग की अनुमति पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है. साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि मौके पर वास्तविक स्टॉक कितना है और खनन विभाग द्वारा कितनी मात्रा की परमिट जारी की गई है, जो महीनों बाद भी समाप्त नहीं हो रही है. मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है.

