चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को रंगों का त्योहार होली पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया. सुबह से ही अबीर- गुलाल की खुशबू और ‘होली है’ की गूंज से माहौल सराबोर हो गया. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग के लोग रंगों में रंगे नजर आए.

मोहल्लों और मुख्य बाजार क्षेत्र में लोगों ने एक- दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए बधाई दी. पुराने गिले- शिकवे भुलाकर लोग एक- दूसरे के घर पहुंचे. पकवानों और मिठाइयों के साथ त्योहार की मिठास और बढ़ गई. युवाओं की टोलियां ढोल- झाल की थाप पर झूमती रहीं, जिससे पूरा इलाका उत्सवमय हो गया.
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रही. मुख्य चौक- चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें.
रेलवे स्टेशन परिसर से लेकर प्रखंड मुख्यालय तक रंगों की धूम रही. लोगों ने पानी की बर्बादी से बचते हुए सूखे गुलाल से होली खेलने को प्राथमिकता दी. शाम को नए वस्त्र पहनकर लोगों ने एक- दूसरे से मुलाकात की और सुख- समृद्धि की कामना की.

