चाईबासा: पुलिस परिवार के वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर सूर्या तुबिद का गंभीर बीमारी के कारण अचानक निधन हो गया. उनके निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है. वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे.

दिवंगत पुलिस इंस्पेक्टर सूर्या तुबिद को सोमवार को पुलिस केंद्र, चाईबासा में पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई. इस अवसर पर कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, एसपी अमित रेणु, एसडीपीओ, डीएसपी (मुख्यालय), सदर थाना प्रभारी, सार्जेंट मेजर सहित पुलिस केंद्र के सभी पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे.
इसके अलावा दोनों पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद थे. अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.

