चाईबासा/ Jayant Pramanik नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से चाईबासा जिला पुलिस की ओर से जराईकेला थाना क्षेत्र के ग्राम समता में विशेष पुलिस कम्युनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया. उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पुलिस- जन सहयोग को मजबूत करने की अपील की.

कार्यक्रम के दौरान ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल, चादर और मच्छरदानी का वितरण किया गया. वहीं स्कूली बच्चों को पढ़ाई की सामग्री और फुटबॉल देकर शिक्षा और खेल को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया. बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी.
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि मुख्यधारा में लौटने पर सरकार सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी.

कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर मनोज रजक, प्रेम बैठा, भीमराव बासिंग, ग्राम मुंडा नोदो सुरीन, इसराइल गोदसोरा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में विश्वास बहाली और विकास की दिशा में सकारात्मक कदम बताया.

