चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगमहरिया प्रखंड की कुशमुंडा पंचायत के ग्राम कोटचोरा तिरिलपी में गरीबों के राशन की कालाबाजारी का भंडाफोड़ हुआ है. यहां की महिला राशन डीलर दिनदहाड़े सरकारी चावल बेचते हुए पकड़ी गई. ग्रामीणों ने मौके से 41 बोरा अनाज बरामद किया, जिसका वजन लगभग 2050 किलोग्राम बताया जा रहा है.

ग्रामीणों ने बताया कि यह चावल चोरी कर झारखंड से ओडिशा ले जाया जा रहा था. पकड़े जाने पर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना हाटगमहरिया के सीओ ऋषि देव को दी. सीओ ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को फोन कर टीम भेजी और विभागीय कार्रवाई शुरू करवाई. फिलहाल सभी जब्त अनाज ग्रामीण मुंडा के जिम्मे रखा गया है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलको ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों की जागरूकता और सक्रियता से गरीबों के हक का संरक्षण हुआ है. अब देखना होगा कि विभागीय कार्रवाई के बाद आरोपी डीलर पर क्या कदम उठाए जाते हैं और गरीबों को उनका राशन कब तक मिलेगा.

