चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रायकेरा गांव में एनएच निर्माण के लिए सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरने से करीब 70 वर्षीय एक अज्ञात वृद्ध की मौत हो गई. घटना बीती रात की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है.

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने एनएच सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार विजय कुमार साहू और उसके प्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि करीब डेढ़ माह पूर्व सड़क पर डायवर्सन के नाम पर गड्ढा खोद दिया गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस काम नहीं हुआ है.
लोगों ने बताया कि सड़क पर जेएसबी बिछा दिया गया है, लेकिन नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है. इससे सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ रही है और राहगीरों के साथ- साथ आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी परेशान हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि धूल सीधे घरों के अंदर तक पहुंच रही है, जिससे सांस और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.
इधर ठेकेदार के प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार शर्मा ने स्वीकार किया कि सड़क पर पांच स्थानों पर डायवर्सन के लिए गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन अब तक एनएच विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं मिली है. ऐसे में विभागीय समन्वय और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है.

