चाईबासा: Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता एवं परियोजना निदेशक-आईटीडीए जयदीप तिग्गा की मौजूदगी में जिला अंतर्गत कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित योजनाओं से संबंधित समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया. उक्त बैठक में परियोजना के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, कनीय अभियंता सहित अन्य उपस्थित रहे.

बैठक में उपायुक्त के द्वारा प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना व सरना/मसना/जाहेर स्थान योजना आदि से संबंधित प्रखंड वार अद्यतन प्रतिवेदन का अवलोकन किया गया. बैठक में बताया गया कि कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 16993 छात्र-छात्राओं का डीए अप्रूवल प्राप्त है तथा इनमें से 9824 छात्र-छात्राओं को कुल ₹10,48,67,441/- राशि का भुगतान किया गया है.

बैठक में बताया गया कि प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति वित्तीय वर्ष 2024-25 में गुदड़ी, बंदगांव व नोआमुंडी प्रखंड सहित अन्य प्रखंडों के बच्चों का निबंधन आधार उपलब्ध नहीं रहने की वजह से विभागीय पोर्टल पर नहीं किया जा सका है तथा वर्तमान समय में निबंधन का कार्य उक्त वित्तीय वर्ष हेतु बंद है. जिस पर उपायुक्त के द्वारा सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी अपने-अपने प्रखंड से आधार विहीन बच्चों की समेकित सूची तत्काल जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि यथाशीघ्र उन सभी क्षेत्रों में शिविर लगाकर बच्चों का आधार निबंधन व अन्य प्रमाण पत्र निर्गमन का कार्य करवाया जा सके. साथ ही बैठक में प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति 2024-25 में बचे हुए बच्चों का निबंधन करवाने हेतु विभाग से पत्राचार करने के लिए भी निर्देशित किया गया. बैठक में बताया गया कि प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 65% बच्चों का निबंधन विभागीय पोर्टल पर किया गया है तथा निबंधन की प्रक्रिया इस वर्ष हेतु जारी है.

बैठक में उपायुक्त के द्वारा साइकिल वितरण योजना से संबंधित प्रतिवेदन का समीक्षा किया गया. इस दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 19567 साइकिल प्राप्त हुआ है, जिनमें से 19278 साइकिल का वितरण किया गया है. इसके अलावा साइकिल वितरण योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत कुल 24672 साइकिल वितरण के आलोक में 23451 साइकिल प्राप्त हुए हैं तथा 21485 साइकिल का वितरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है. बैठक में उपायुक्त के द्वारा साइकिल फिटिंग कार्य हेतु संलग्न एजेंसी को फिटिंग कार्य को यथाशीघ्रता से पूर्ण कराने और शत प्रतिशत विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया.
बैठक में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया की योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 378 प्राप्त आवेदनों के विरुद्ध 100% लाभुकों को नियमानुसार स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ प्रदान किया गया है। *योजना अंतर्गत लाभुकों को न्यूनतम ₹5000/- से लेकर अधिकतम ₹25,000/- तक की राशि प्रदान की जाती है.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न प्रखंडों से कुल 162 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 96 लाभुकों को योजना का लाभ प्रदान किया गया है. इस दौरान प्रखंडवार प्रतिवेदन का अवलोकन के क्रम में उपायुक्त के द्वारा पाया गया कि जिले के कुछेक प्रखंडों से योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. जिस पर उपायुक्त के द्वारा परियोजना निदेशक – आईटीडीए को संबंधित प्रखंड के संलग्न पदाधिकारी को कारण पृच्छा करने हेतु भी निर्देशित किया गया. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सहायता योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है तथा इसका अधिकतम लाभ जिले वासियों को प्रदान किया जाना है.
Video

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
