चाईबासा/ Amit Raj

गुरुवार को मनोहरपुर प्रखंड के जराइकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सागजुड़ी गांव की एक पुलिया के नीचे से पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया है. मृतका की पहचान तुलसी महली (51 वर्ष) के रूप में की गई है, जो सागजुड़ी गांव के छोटा सागजुड़ी टोले की रहने वाली थी.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि सागजुड़ी गांव की पुलिया के नीचे एक महिला का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.
पुलिस ने बताया कि मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं. साथ ही यह भी जानकारी सामने आई है कि मृतका की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह मामला हत्या का है या हादसे का.
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके.

