चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की विशेष बैठक रविवार को कचहरी तालाब परिसर में जिलाध्यक्ष करण महतो की अध्यक्षता में हुई. बैठक में पूर्व मुखिया मनीष कालुंडिया, अजय देवगम और समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अर्जुन मालवा समेत कई लोगों ने जेएलकेएम की सदस्यता ग्रहण की.

सदस्यता ग्रहण के बाद नेताओं ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र की जनता की समस्याओं को जेएलकेएम ही सही मायनों में उठा रही है. अब तक अन्य पार्टियों को मौका दिया गया लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं. उन्होंने कहा कि जनता की लड़ाई को जेएलकेएम के बैनर तले लड़ा जाएगा. बैठक में अधिवक्ता महेंद्र जामुदा ने कहा कि महागठबंधन सरकार जनता की मांगें पूरी नहीं कर रही है. जैसे बीजेपी-आजसू गठबंधन को जनता ने जड़ से उखाड़ फेंका, आने वाले समय में झामुमो और कांग्रेस का भी यही हाल होगा.
जिलाध्यक्ष करण महतो ने कहा कि जेएलकेएम का कारवां लगातार बढ़ रहा है और जल्द ही पंचायत और बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा. कार्यक्रम में महेंद्र जामुदा, संजय देवगम, नितिन जामुदा, हीरालाल हेम्ब्रम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम के बाद सभी नए सदस्य पूर्वी सिंहभूम की जनसभा में शामिल होने के लिए जमशेदपुर रवाना हुए.

