चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने रविवार को पश्चिम सिंहभूम जिले का दौरा किया. समिति के जिला आगमन पर चाईबासा परिसदन भवन में समिति सदस्यों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया. इसके बाद परिसदन सभागार में समिति की एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक में समिति सदस्य नमन विक्सल कोनगाड़ी एवं राम सूर्या मुंडा की उपस्थिति में जिला उपायुक्त चंदन कुमार, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, सभी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता शामिल हुए.

बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने सभी विभागीय अधिकारियों को अनागत प्रश्नों का गंभीरता और सावधानीपूर्वक अध्ययन करने का निर्देश दिया. साथ ही अनागत प्रश्नों का लिखित रूप में तथ्यपरक और अद्यतन उत्तर समिति को उपलब्ध कराने को कहा गया. समिति द्वारा विभागवार अनागत प्रश्नों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, विद्युत, पंचायती राज, पर्यटन, भूमि संरक्षण, विशेष प्रमंडल, शिक्षा, खान एवं भूतत्व, वन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता, समाज कल्याण, कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली गई. सभी विभागों से कार्य प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त कर योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई.

इस अवसर पर समिति सदस्य नमन विक्सल कोनगाड़ी ने बताया कि झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति एक स्थायी समिति है, जो विधानसभा में पूछे गए लेकिन उत्तरित न हो सके प्रश्नों के क्रियान्वयन और उन पर की गई प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा करती है. उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य अनुत्तरित प्रश्नों पर त्वरित, तथ्यपरक और अद्यतन जवाब सुनिश्चित करना है.
समिति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी विकास योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. साथ ही जवाबदेही और तत्परता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया.

