चाईबासा: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में अवैध देशी शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जहां विभाग की टीम ने लातारसिका गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित महुआ शराब की भट्ठी को ध्वस्त कर दिया.

छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग ने मौके से शराब बनाने में उपयोग किया जाने वाला करीब 3200 किलो जावा महुआ नष्ट किया, जबकि लगभग 200 लीटर तैयार महुआ शराब को जब्त किया गया. कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया.
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है. इस मामले में अवैध भट्ठी संचालन से जुड़े कुल नौ लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

