चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिम सिंहभूम खेल प्रेमी समिति, चाईबासा द्वारा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए स्थानीय रविन्द्र भवन परिसर में रविवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन समाजसेवी मुकुंद रूंगटा नितिन प्रकाश, समिति के संरक्षक डॉ. सौम्य सेनगुप्ता, डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम, नीरज संदवार, अध्यक्ष देव कुमार बनर्जी, सचिव देवीशंकर दत्ता और मतलूब आलम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया.

उद्घाटन समारोह के दौरान समाजसेवी मुकुंद रुंगटा ने समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य शिविर का आयोजन उत्कृष्ट तरीके से किया गया है. उन्होंने कहा कि 60+ आयु वर्ग के 65 वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सेवा भावना पर आधारित महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सहयोग का आश्वासन दिया. नितिन प्रकाश ने इसे सेवा और सम्मान का प्रतीक बताया.

शिविर में मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. सौम्य सेनगुप्ता और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम द्वारा स्वास्थ्य जांच की गई. मौके पर बड़ी संख्या में समिति सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे. समिति ने बताया कि आगे भी समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके.


