चाईबासा: जिले के गुदड़ी क्षेत्र में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण कोंजेन घाटी के समीप ग्रामीण मुख्य सड़क पर बनी पुलिया बह गई है. पुलिया क्षतिग्रस्त होने से बुरूकायम, बेड़ाकायम और कोंजेन गांव के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.


बताया जा रहा है कि जिस सड़क पर पुलिया बही है, वह ग्रामीण क्षेत्र को सोनुआ-गुदड़ी मुख्य सड़क से जोड़ती है. इस मार्ग से तीनों गांवों के ग्रामीण नियमित रूप से आवाजाही करते हैं. पुलिया बह जाने के बाद लोगों के लिए इस रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है.
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क उनके दैनिक आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम है. पुलिया क्षतिग्रस्त होने से जरूरी कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने आरईओ विभाग से मौके पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि स्थायी निर्माण होने तक आवागमन सुचारू रखा जा सके.
मामले को लेकर आजसू नेता एवं झारखंड आंदोलनकारी मंच के जिला संयोजक बिरसा मुंडा ने ग्रामीणों के साथ डीडीसी को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है. उन्होंने प्रशासन से पुलिया की स्थिति का निरीक्षण कराने और ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश के दौरान उनकी परेशानी और बढ़ सकती है. अब ग्रामीणों को प्रशासन और संबंधित विभाग की पहल का इंतजार है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

