चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड के गोलमुंडा पंचायत भवन के पास एक सरकारी भवन का निर्माण कार्य जारी है, जिस पर अब गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर योजना संबंधी सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है और कार्य में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है. पिछले दिनों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध जताया था. शिकायत मिलने पर जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक भी स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचे थे. उन्होंने संवेदक के कर्मियों को निर्माण की गुणवत्ता सुधारने और योजना बोर्ड लगाने का निर्देश दिया था. ग्रामीणों का कहना है कि निर्देश के बावजूद अब तक न तो गुणवत्ता में सुधार हुआ है और न ही योजना का बोर्ड लगाया गया है. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे जिले के उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे.


