चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय नीलाईगोट के प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहम्मद बदरूद्दीन उर्फ मुन्ना के सेवानिवृत्त होने पर सोमवार को विद्यालय परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने उन्हें सोल, पुष्पगुच्छ और उपहार भेंट कर सम्मानित किया.

समारोह में मोहम्मद बदरूद्दीन ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने विद्यालय संचालन को बेहतर बनाने का पूरा प्रयास किया. साथ ही उन्होंने शिक्षकों से आपसी समन्वय के साथ विद्यालय को आगे बढ़ाने की अपील की. स्कूली बच्चों ने विदाई गीत और नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को भावुक बना दिया.

मोहम्मद बदरूद्दीन ने 3 अक्टूबर 1994 को मनोहरपुर प्राथमिक विद्यालय से सेवा की शुरुआत की थी. वर्ष 2000 में सोनुआ के उर्दू प्राथमिक विद्यालय में योगदान दिया. 2016 में विद्यालयों के मर्ज होने के बाद वे मध्य विद्यालय बालिका सोनुआ में कार्यरत रहे और 2018 से उत्क्रमित मध्य विद्यालय नीलाईगोट में प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में सेवा दी. 31 अगस्त 2025 को वे सेवानिवृत्त हुए.
समारोह का संचालन जयकिशन प्रधान ने किया. इस मौके पर कई सेवानिवृत्त शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, समाजसेवी, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे.

