चाईबासा/ Jayant Pramanik टोंटो थाना क्षेत्र के सागरकाट्टा और रोंमारा गांव के बीच एक हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार हाथी का एक दांत कटा हुआ पाया गया है, जिससे अवैध शिकार और तस्करी की आशंका जताई जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी के शव के पास दांत कटे होने के स्पष्ट निशान मिले हैं. हालांकि हाथी की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी. इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हाथी दांत तस्करी की आशंका ने वन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता बढ़ा दी है. वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

