चाईबासा/ Jayant Pramanik शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोनुआ स्थित बालिका मध्य विद्यालय में गुरुवार को ‘मेरा विद्यालय निपुण एवं मैं भी निपुण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. राज्य सरकार की इस विशेष पहल के तहत कक्षा 2 और 3 के बच्चों का मूल्यांकन ऑनलाइन माध्यम से किया गया. कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर महेंद्र महतो ने बच्चों के शैक्षणिक स्तर का आकलन किया.

बताया गया कि पूरे जिले में कुल 66 मास्टर ट्रेनर इस अभियान में जुटे हुए हैं. जिन विद्यालयों का स्तर बेहतर आंका जाएगा, उन्हें जिला एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक जय किशन प्रधान, शांति कुमारी भगत सहित अन्य शिक्षक- शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही.
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने ज्ञान व क्षमता का प्रदर्शन किया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना और बच्चों में बुनियादी दक्षताओं का विकास करना है.

