चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के खूंटपानी प्रखंड की एक 28 वर्षीय युवती, जो मानव तस्करी की शिकार हुई थी, उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) और जिला प्रशासन की मदद से पंजाब से सकुशल वापस लाया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के ही एक व्यक्ति ने युवती को बहला- फुसलाकर बड़ी नौकरी का झांसा दिया और पंजाब भेज दिया. लंबे समय तक युवती से कोई संपर्क नहीं होने पर परिजन चिंतित हो गए.

इसकी सूचना अधिकार मित्र अलकमा रूही ने डालसा के सचिव रवि चौधरी को दी. रवि चौधरी ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए मोहम्मद शाकिर से निर्देश लेकर त्वरित कार्रवाई शुरू करवाई. पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को सूचना देने पर उन्होंने महिला थाना प्रभारी शीला मिंज को जिम्मेदारी सौंपी. पंजाब पुलिस के समन्वय से युवती को सुरक्षित छुड़ाकर घर वापस लाया गया. वापसी के बाद युवती का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया. वह पूरी तरह स्वस्थ है और अपने परिजनों के पास सुरक्षित है. युवती के परिजनों ने डालसा, पुलिस और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है. इस मामले में आरोपी के विरुद्ध मानव तस्करी से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है.

