चाईबासा: जिला प्रशासन की नई पहल के तहत जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी विस्तृत जानकारी दी गई.

उपायुक्त ने बताया कि 1 मई 2026 से जिले में डिजिटल स्वगणना (Self Enumeration) की शुरुआत होगी. इस बार जनगणना पूरी तरह आधुनिक और डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक होगी.
उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी. पहले चरण में 1 मई से स्वगणना शुरू होगी, जबकि 16 मई से 24 जून तक हाउस लिस्टिंग एवं जनगणना का कार्य किया जाएगा. इस दौरान नागरिक मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे.
जनगणना के लिए कुल 33 बिंदु निर्धारित किए गए हैं, जिनकी जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगी. उपायुक्त ने बताया कि सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा जिला योजना पदाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है.
इसके साथ ही उपायुक्त ने जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर भी कई महत्वपूर्ण पहल की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हर माह 8 और 24 तारीख को रक्तदान शिविर आयोजित कर 500 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है, ताकि जिले को रक्त की कमी से मुक्त किया जा सके.
शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए “प्रोजेक्ट उड़ान”, टेस्ट सीरीज, “बोलेगा चाईबासा” और “आज क्या सीखेंगे” जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे. साथ ही स्कूलों में बुकलेट वितरण, इंग्लिश शिक्षकों की व्यवस्था और अन्य नवाचारों के माध्यम से शिक्षा स्तर को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है.
उपायुक्त ने बताया कि जिले में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सखी दिवस, सखी संवाद, पंचायत दिवस, गृह प्रवेश दिवस, तिथि भोजन और बाल भोज शामिल हैं.
बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निगरानी टीम का गठन किया गया है. वहीं गर्मी और आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को 15 दिनों के भीतर सभी उपकरणों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए भी वैज्ञानिक तरीकों को अपनाया जाएगा, जिससे दुर्घटना दर और मृत्यु दर को कम किया जा सके. उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाएं.
Report by Jayant Pramanik

