चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के पांसकुरा धरमपुर निवासी 55 वर्षीय शेख अब्दुल शमशाद अली साइकिल से कोलकाता से अजमेर शरीफ की यात्रा कर रहे हैं. वे यह यात्रा सभी धर्मों के लोगों के बीच शांति और सौहार्द का संदेश लेकर कर रहे हैं. 22 अगस्त से शुरू हुई उनकी यह यात्रा सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा पहुंची.

शेख अब्दुल शमशाद अली चक्रधरपुर होते हुए सोनुआ पहुंचे, जहां मुस्लिम समुदाय सहित अन्य समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया. मौके पर उन्होंने कहा कि वे अजमेर शरीफ में सभी धर्मों के लोगों के लिए अमन और भाईचारे की दुआ मांगेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि हमें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए और ऐसा आचरण करना चाहिए जिससे समाज में सद्भावना बनी रहे.
उन्होंने आगे बताया कि अजमेर शरीफ यात्रा के बाद वे कश्मीर सहित भारत के अन्य क्षेत्रों की भी साइकिल यात्रा करेंगे. उनकी यह पहल लोगों में शांति और धार्मिक सद्भावना का संदेश देने का अनोखा प्रयास है.

