चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड के छोटानागरा थाना क्षेत्र स्थित चुरगी गांव में खाना बनाने के दौरान एक 18 वर्षीय विवाहित महिला गंभीर रूप से झुलस गई. पीड़िता की पहचान प्रभा तिर्की के रूप में हुई है. घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है.

पीड़िता के अनुसार वह घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी. इसी दौरान उसे अचानक चक्कर आ गया और वह जलते चूल्हे पर गिर पड़ी. आग की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गई.
घटना के बाद परिजनों ने वाहन की व्यवस्था करने का प्रयास किया, लेकिन रातभर कोई साधन नहीं मिल सका. मजबूरन करीब 14 घंटे बाद शनिवार सुबह लगभग 11 बजे उसे इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महिला 70 प्रतिशत से अधिक झुलस चुकी है. घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को दे दी गई है. मामले की जांच की जा रही है.

