चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त- व्यस्त कर दिया है. मंगलवार शाम टोमडेल पंचायत के कमाय गांव में मुख्य सड़क का पुलिया टूट गया. पुलिया टूटने से इस सड़क से जुड़े दर्जनों गांवों का संपर्क बाधित हो गया है.

पुल टूटने से ग्रामीणों के साथ- साथ स्कूली बच्चों को भी बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बुधवार को ग्रामीणों ने पहल करते हुए टूटे हुए पुल के पास लकड़ी का चचरी पुल बनाया, ताकि बच्चे और लोग किसी तरह आवागमन कर सकें. हालांकि वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल के निर्माण की मांग की है. गौरतलब है कि यह सड़क गुदड़ी प्रखंड के टोमडेल पंचायत से होते हुए आनंदपुर प्रखंड और खूंटी जिले को भी जोड़ती है, जिससे इसके टूटने से क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो गया है.

