चाईबासा/ Jayant Pramanik खेलो इंडिया विमेंस सिटी लीग के तहत पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा जिला के सोनुआ में शनिवार को अस्मिता साइकिलिंग सिटी लीग 2025- 2026 का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल के क्षेत्र में लड़कियों को आगे बढ़ाना है. प्रतियोगिता का आयोजन साईं, झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन और पश्चिमी सिंहभूम साइकिलिंग एसोसिएशन द्वारा किया गया.

सोनुआ- गोईलकेरा मुख्य सड़क में वीर अर्जुन सिंह कॉलेज से बालजोड़ी तक आयोजित इस साइकिल रेस में सीनियर और जूनियर वर्ग की सैकड़ों लड़कियों ने भाग लिया. जूनियर वर्ग में शीला बानरा प्रथम, बानाबाई चंपिया द्वितीय और गुरुबारी दोगो तृतीय स्थान पर रही. सीनियर वर्ग में सुनीता देवी प्रथम, सुखमती तापे द्वितीय और सिवानी सुंडी तृतीय स्थान पर रहीं. चयनित साइक्लिस्ट राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी.

कोच राम कुमार भट्ट ने बताया कि यह प्रतियोगिता राज्य में दो स्थानों पर आयोजित हो रही है. शनिवार को सोनुआ में और रविवार को लोहरदगा में इसका आयोजन होगा. प्रतियोगिता में विजेताओं को पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ के सचिव अजय नायक, जिला साइकिलिंग एसोसिएशन की सचिव गुलांची बहनादा और जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक समेत अन्य अतिथियों ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
मौके पर सीओ अनुज टेटे, जितेंद्र कुमार महतो, शिवा हेंब्रम, शिव शंकर यादव, संजीव बहंदा, लखींद्र पाल, पवन गोप, देवाशीस लोहार, प्रकाश महतो, लक्ष्मण बोदरा समेत कई लोग उपस्थित थे.

