चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना प्रभारी सह सब-इंस्पेक्टर मनीष कुमार को गुरुवार को जमशेदपुर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कथित तौर पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. कार्रवाई के बाद ACB की टीम थाना प्रभारी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अपने साथ जमशेदपुर ले गई.


मिली जानकारी के अनुसार, मामला NDPS एक्ट से जुड़े एक प्रकरण में एक आरोपी का नाम हटाने के एवज में कथित रूप से रिश्वत मांगे जाने की शिकायत से जुड़ा है. शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले मामले का सत्यापन किया. सत्यापन में शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की.
बताया जा रहा है कि गुरुवार को करीब डेढ़ बजे जैसे ही थाना प्रभारी ने कथित रूप से 15 हजार रुपये रिश्वत की रकम ली, पहले से तैयार ACB की टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद टीम ने बंदगांव स्थित उनके आवास पर भी जांच की.
रिश्वत की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
ACB की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है. NDPS मामले में आरोपी का नाम हटाने के एवज में रिश्वत मांगे जाने के आरोप की शिकायत मिलने के बाद ACB ने पूरी कार्रवाई को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया.
फिलहाल गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है. रिश्वत से जुड़े पूरे मामले में ACB की आधिकारिक जानकारी और जांच के बाद ही अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

