चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ- साथ अब विकास और जन- सेवा की पहल जोर पकड़ रही है. इसी कड़ी में शनिवार को 60वीं वाहिनी सीआरपीएफ की ‘ए’ और ‘सी’ कंपनी ने ग्राम पंचायत कुईडा (थाना गोइलकेरा) के हाथीबुरु फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस (FOB) में भव्य नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया.

कार्यक्रम का 60 वीं वाहिनी के कमांडेंट अंबुज मुथाल के निर्देश पर सहायक कमांडेंट गोपाल सिंह रावत ने किया. इस दौरान हाथीबुरु, बामियाबुरु, मेरालगारा, लिमसाडीह ,माईलपी, लोवाबेरा और तिलियाबुरु जैसे दुर्गम गांवों के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

कार्यक्रम में ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि संबंधी आवश्यक सामग्री वितरित की गई. बच्चों को स्कूल बैग देकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया. स्वच्छता के लिए सिंटेक्स पानी की टंकियां, घरेलू उपयोग के लिए कंबल, मच्छरदानी और साड़ियां प्रदान की गईं. किसानों को कृषि उपयोगी उपकरण देकर उनकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया गया.

सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य न केवल सुरक्षा प्रदान करना है बल्कि स्थानीय जनता के साथ विश्वास और सहयोग को मजबूत करना भी है. ग्रामीणों ने CRPF की इस मुहिम की सराहना की और कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया. मौके पर निरीक्षक (जीडी) धर्मपाल, निरीक्षक (जीडी) ओमप्रकाश और 60वीं वाहिनी के कई अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित थे.

