जामताड़ा/ Manish Baranwal केंद्रीय बजट 2026- 27 को लेकर पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण उपस्थित थे.

पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि 2026- 27 का बजट ऐतिहासिक है. यह नरेंद्र मोदी जी का दूरगामी सोच वाला बजट है, जिसका लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है. उन्होंने बताया कि इस बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है जैसे ग्रामीण युवा, किसान, मजदूर, विद्यार्थी, महिला और बुजुर्ग.
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत पाइपलाइन से खेतों तक पानी पहुंचाना, बड़े बांध और चेक डेम का निर्माण शामिल है. इससे किसान मोटे अनाज उगाने में सक्षम होंगे. शीत गृह का प्रावधान भी किसानों को फसल और फल- सब्जी का भंडारण सुविधा देगा.
पूर्व मंत्री ने बताया कि मनरेगा योजना का नाम बदलकर VB RAM G योजना किया गया है. इसमें रोजगार 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है. जब रोजगार नहीं मिलेगा तो भत्ता सीधे बैंक खातों में जाएगा, जिससे भ्रष्टाचार पूरी तरह बंद होगा.
स्वास्थ्य क्षेत्र में कैंसर, मधुमेह और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयों के दाम कम किए गए हैं. झारखंड के संताल परगना में तीन मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी बजट में शामिल है.
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के तहत स्वदेशी हथियार निर्माण पर जोर दिया गया है. मध्यम वर्ग के लिए मोबाइल, दोपहिया और चारपहिया वाहन सस्ते किए गए हैं. शराब और तंबाकू पर अधिक टैक्स लगाया गया है.
कौशल विकास केंद्रों और दीनदयाल कौशल विकास केंद्र के माध्यम से युवाओं को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण देने की योजना है. सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में गांव-गांव तक रोशनी पहुंचाने के उपाय शामिल हैं. एनएच सड़कों और रेलवे के लिए वंदे भारत जैसी परियोजनाओं पर भी ध्यान दिया गया है.
मौके पर जिला महामंत्री मितेश शाह, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला मंत्री मोहन शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत और भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह उपस्थित थे.

