बोकारो: पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री के मुख्य सरगना सुरज कुमार साव और उसके सहयोगी सुरज प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई है.

एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने न केवल अपने अपराध को स्वीकार किया है, बल्कि अन्य सहयोगियों के नाम भी उजागर किए हैं. फिलहाल, उनकी गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है. एसपी ने इस सफल कार्रवाई के लिए जिला पुलिस, कोलकाता एटीएस और राँची एटीएस की संयुक्त टीम की सराहना की है. एसपी ने कहा कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा.
मालूम हो कि बोकारो जिला में बीते दिनों स्थानीय पुलिस, कोलकाता एटीएस और रांची एटीएस की संयुक्त टीम द्वारा गांधीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत जरीडीह उपर बाजार, कलाली रोड स्थित कावेरी मैरेज हॉल के सामने बने एक गोदाम में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था. साथ ही मौके से दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई थी, जिसमें मुख्य सरगना फरार हो गया था. बोकारो एसपी ने इस अवैध कारोबार के मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेरमो के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था, जिसने गुप्त सूचना के आधार पर इस कांड के मुख्य सरगना और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है.

