बोकारो: झारखंड में आदिवासियों के सबसे बड़े धार्मिक स्थल लुगू बुरू घंटा बाड़ी धोरोंमगढ़, ललपनिया में इस वर्ष तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव 3 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, जिसका समापन 5 नवंबर को होगा. इस आयोजन में देश- विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. तैयारियां जोर- शोर से चल रही हैं और आयोजन समिति ने राष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री सहित कई विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया है.

हालांकि, इस बार महोत्सव में राजनीति का रंग गहराता नजर आ रहा है. हाल ही में कुड़मी और आदिवासी समुदायों के बीच हुए आंदोलन का असर इस आयोजन पर भी दिखने लगा है. कुड़मी समुदाय द्वारा खुद को आदिवासी दर्जा दिलाने और संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने की मांग के विरोध में आदिवासी संगठनों ने आंदोलन किया था. इस विवाद ने दोनों समुदायों के बीच गहरी खाई पैदा कर दी है.
इसी मुद्दे को लेकर अब महोत्सव में आमंत्रित अतिथियों को लेकर विवाद गहरा गया है. पूजा समिति और जिला प्रशासन के बीच अभी तक इस पर सहमति नहीं बन पाई है कि किन जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए. मंगलवार को लुगू बुरू के मेडिकेशन सेंटर में हुई सात घंटे लंबी बैठक में राज्यभर से आए संथाल और आदिवासी प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष के राजकीय महोत्सव में चार प्रमुख कुरमी/ कुड़मी नेताओं- स्थानीय सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, JLKM अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, और मांडू विधायक तिवारी महतो की नो- एंट्री रहेगी.
आदिवासी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर जिला प्रशासन इन नेताओं को निमंत्रण देगा, तो आदिवासी समाज इसका खुले तौर पर विरोध करेगा. उनका कहना है कि ये सभी नेता आदिवासी समुदाय के विरुद्ध आंदोलन में सक्रिय रहे हैं, जिससे समाज आहत है. समिति ने यह भी कहा कि यदि जिला प्रशासन ने इनके नाम पर सहमति दी, तो पूजा समिति प्रशासन को भी कार्यक्रम से दूर रखेगी.
समिति के इस निर्णय ने जिला प्रशासन के सामने मुश्किल स्थिति खड़ी कर दी है. अब देखना यह है कि प्रशासन इस विवाद से कैसे निपटता है और आगामी दिनों में इस मामले पर क्या निर्णय लिया जाता है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
