बोकारो: झारखण्ड पुलिस के साहस और दक्षता को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है. बोकारो जिले के पेक नारायनपुर थाना अंतर्गत ग्राम वंशी एवं जड़वा के पहाड़ी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी केंद्रीय कमेटी सदस्य विवेक उर्फ प्रयाग मांझी सहित आठ कुख्यात नक्सलियों को सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया था. इस वीरतापूर्ण अभियान में शामिल पुलिस टीम के 14 अधिकारी एवं जवानों को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया गया है.

इस सम्मान सूची में शामिल हैं
पुलिस महानिरीक्षक (रेल) अमोल विनुकांत होमकर, तत्कालीन आईजी अभियान डॉ. माईकलराज एस, झारखण्ड जगुआर के डीआईजी इन्द्रजीत माहथा, तत्कालीन डीआईजी बोकारो सुरेन्द्र कुमार झा, तत्कालीन पुलिस अधीक्षक बोकारो मनोज स्वर्गियारी, उप समादेष्टा मिथिलेश कुमार, पुअनि. जितेन्द्र कुमार, पुअनि. मंटु कुमार, आ. दीनबन्धु शेखर, आ. पारष कुमार वर्मा, आ. विकास कर्माकर, आ. भागीरथ रजवार, आ. शिवनन्दन हांसदा एवं आ. अजय मेहता.
इस मुठभेड़ को झारखण्ड पुलिस के हाल के वर्षों का सबसे सफल नक्सल विरोधी अभियान माना जा रहा है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इन अधिकारियों को उनके अद्वितीय नेतृत्व, साहस और मिशन के दौरान दिखाई गई सूझबूझ के लिए यह सम्मान प्रदान किया है.
गौरतलब है कि इस अभियान में सुरक्षा बलों ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद नक्सलियों को घेरकर मार गिराया था. मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला- बारूद बरामद किए गए थे. इस सफलता के बाद झारखण्ड पुलिस की रणनीति और मनोबल दोनों को मजबूती मिली थी. यह सम्मान झारखण्ड पुलिस के जांबाजों की निष्ठा, बहादुरी और देश सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
