बोकारो: जिले के चास थाना अंतर्गत आस्था ज्वेलरी में सोमवार दिनदहाड़े अपराधियों ने ज्वेलरी और नगदी की लूटपाट की और चलते बने. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है सूचना मिलते ही इलाके की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है.

बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने दुकान में घुसकर बंदूक की नोक पर दुकानदार से सोने चांदी के गहने और नकदी लूट लिए. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि अपराधी दुकान में घुसकर दुकानदार के कनपटी पर बंदूक भिड़ाते हैं और गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए.
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है. पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली है. बता दे कि रविवार को अपराधियों ने हजारीबाग में दहशत फैलाने के उद्देश्य से ज्वेलरी दुकान के पास फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. इधर सोमवार को बोकारो में ज्वेलरी दुकान में लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के समक्ष एक नई चुनौती पेश की है. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि पुलिस अपराधियों तक कब तक पहुंचती है.
देखें CCTV फुटेज

