बोकारो: जिले के चास थाना अंतर्गत आदर्श कॉलोनी स्थित गायघाट में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक घटना हुई, जहां गिरिडीह में तैनात आईआरबी जवान अजय यादव उर्फ़ सोनू की गोली लगने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

सूत्रों के अनुसार, अजय यादव छठ पूजा मनाने के लिए छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था. उसी दौरान किसी आपसी विवाद में गोली चल गई, जो उसके पेट में लगी. गंभीर हालत में उसे बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए हैं. फिलहाल गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है.
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है. मृतक अजय यादव चास के ही यदुवंश नगर का रहने वाला था और कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने घर आया था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

