
बोकारो: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. प्रतिबिंब ऐप से मिली सूचना के आधार पर सेक्टर-12 और माराफारी थाना क्षेत्र में देर रात छापेमारी कर नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज, डेबिट कार्ड और नकदी बरामद की गई है.


बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में साइबर थाना, तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बारी को-ऑपरेटिव तथा माराफारी थाना क्षेत्र के रितुडीह राजेंद्र नगर में छापेमारी की. कार्रवाई के बाद साइबर थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को आर.एम. टूर एंड ट्रेवल्स का एजेंट या बैंक अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते थे. जांच के दौरान कुछ बैंक खातों में लाखों रुपये के लेन-देन की जानकारी भी मिली है. इन खातों को फिलहाल होल्ड कर विस्तृत जांच की जा रही है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, 10 डेबिट कार्ड, 2 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड तथा 43,100 रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश बिहार के पटना, नवादा और जमुई जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी बोकारो के सेक्टर-3 का रहने वाला है.
बोकारो पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं. पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





