बोकारो: अपर सत्र न्यायाधीश सह विशेष न्यायाधीश दीपक बरनवाल की अदालत ने हत्या के एक मामले में सात अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. सभी पर 25- 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. सजा पाने वालों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है.

सजा पाने वाले अभियुक्त
सजा पाने वालों में सुखवंत सिंह (पुलिसकर्मी), राहुल कुमार, चरण दास महतो, मंतोष रंजन, रितेश कुमार, अभय कुमार और लालू महतो शामिल हैं. कोर्ट ने इन्हें षड्यंत्र के तहत हत्या का दोषी पाया.
क्या था मामला
यह मामला पिंडराजोरा थाना अंतर्गत नारायणपुर गांव का है. 24 मई 2023 को सुरेश मुर्मू और उनके परिवार के लोग अपने जमीन पर चारदीवारी का निर्माण करवा रहे थे. इसी दौरान अभियुक्तों ने मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया. इस हमले में सुरेश मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. इस मामले में सुखवंत सिंह नामक अभियुक्त बोकारो पुलिस विभाग में कार्यरत है. सोमवार को कोर्ट ने सुनवाई के बाद सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई. मामले में अधिवक्ता राकेश कुमार ने कोर्ट का पक्ष रखा.

