इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
बोकारो: चास थाना क्षेत्र में बुधवार को चेन छिनतई की घटना के बाद अपराधियों ने पुलिस को भी चकमा देकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली. महावीर चौक के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही चास पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की. पीछा करते हुए पुलिस चंदनकियारी रोड स्थित रामडीह मोड़ पहुंची, जहां दोनों संदिग्ध अपनी बाइक खड़ी कर एक होटल में पानी पी रहे थे. पुलिस पदाधिकारी ने जैसे ही उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, दोनों बदमाश धक्का देकर मौके से भाग निकले. हालांकि उनकी बाइक पुलिस के हाथ लग गई, जिसे जब्त कर लिया गया है.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
इसके बाद चास के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वेदांत शंकर, थाना प्रभारी और पुलिस बल ने चोमशोबाद के जंगल में करीब तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई, लेकिन अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका.
पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में आधिकारिक बयान नहीं दिया है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि चास थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. उनका कहना है कि इस घटना में अपराधियों के पुलिस को चकमा देकर भाग निकलने से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
पुलिस जब्त बाइक के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.