बोकारो: लंबे इंतजार के बाद बोकारो एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में एक बार फिर ठोस कदम उठाया गया है. शनिवार को बोकारो स्टील प्लांट के टाउन एडमिनिस्ट्रेशन विभाग ने एयरपोर्ट की सीमा के पास स्थित अतिक्रमण और अवैध बूचड़खाने को हटाने की कार्रवाई शुरू की.

बताया जा रहा है कि यह अतिक्रमण और बूचड़खाना उड़ान सेवा शुरू करने में बड़ी बाधा बने हुए थे, जिसके कारण नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से अब तक लाइसेंस जारी नहीं किया जा सका था. इस वजह से बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवाओं की शुरुआत लगातार टलती जा रही थी.
बोकारो स्टील के संपदा न्यायालय ने पहले ही अवैध अतिक्रमण के खिलाफ इवेक्शन ऑर्डर पारित कर दिया था और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया था. इसके बावजूद किसी ने भी अतिक्रमण स्थल खाली नहीं किया, जिसके बाद आज प्रशासनिक कार्रवाई अनिवार्य हो गई.
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था. जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में टाउन एडमिनिस्ट्रेशन की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया.
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बोकारो एयरपोर्ट को डीजीसीए मानकों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उम्मीद की जा रही है कि अतिक्रमण मुक्त होने के बाद लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया तेज होगी और जल्द ही बोकारो से हवाई उड़ान सेवा शुरू हो सकेगी.
स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने इस पहल का स्वागत किया है और सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द उड़ान सेवा शुरू की जाए ताकि बोकारो को देश के प्रमुख शहरों से सीधी हवाई सुविधा मिल सके.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
