बोकारो: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) मो. याकूब अंसारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी को बोकारो के नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के सामने से पकड़ा गया.

जानकारी के अनुसार, परिवादी ने वर्ष 2009 में मखदुमपुर क्षेत्र में जमीन खरीदी थी. जमीन लूट और धमकी मामले में कार्रवाई को लेकर उसने 11 मई 2026 को बालीडीह थाना समेत कई अधिकारियों को आवेदन दिया था. मामले की जांच ASI मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी.
आरोप है कि जांच और जमीन पर जाने के नाम पर ASI ने परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की. परिवादी रिश्वत देकर काम कराना नहीं चाहता था, जिसके बाद उसने ACB से शिकायत की.
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया. जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर विशेष टीम का गठन किया गया. मंगलवार को दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाकर आरोपी ASI को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया.
ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



