चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के गुदड़ी प्रखंड से बिरसाईत समाज के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को खूंटी जाकर दिवंगत सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने सोमा मुंडा की हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कड़ी निंदा की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई.

इस दौरान बिरसाईत समाज के धर्मदादा बिरसा मुंडा के नेतृत्व में समाज के लोगों ने दिवंगत सोमा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की. प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि समाज पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है.
बिरसा मुंडा ने बताया कि सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में 17 जनवरी को बुलाए गए झारखंड बंद को मानकी मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट कमिटी का समर्थन प्राप्त है. उन्होंने कहा कि बंद को सफल और प्रभावी बनाने के लिए पोड़ाहाट क्षेत्र के मानकी मुंडा बड़ी संख्या में शामिल होंगे. समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की.

